महाशिवरात्रि एक विशेष त्योहार

शिव का अर्थ है कल्याण।लेखिका-अलका अग्रवाल(मेवाड़ संस्थान गाजियाबाद)।
महाशिवरात्रि का महापर्व फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को मनाया जाता है। वैसे तो हिन्दू ग्रन्थों व मान्यताओं के अनुसार भगवान शिव को प्रत्येक माह की चतुर्दशी तिथि प्रिय है, परन्तु सभी चतुर्दशी विधियों में फाल्गुन माह की चतुर्दशी तिथि भगवान शिव को अतिप्रिय है। सतोगुण, रजोगुण तथा तमोगुण में से तमोगुण की अधिकता दिन की अपेक्षा रात्रि में अधिक है। इस कारण भगवान शिव ने अपने निराकार के प्रतीक लिंग के प्रादुर्भाव के लिये फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी की महाशिवरात्रि को चुना। महाशिवरात्रि पर्व का महत्व सभी पुराणों में मिलता है। गरुड़ पुराण, पद्म पुराण, स्कंद पुराण, शिव पुराण तथा अग्नि पुराण सभी में शिवरात्रि पर्व की महिमा का वर्णन मिलता है। इस दिन व्यक्ति व्रत रखते हैं तथा शिव महिमा का गुणगान करते हैं। शिव भगवान की बेलपत्तों से पूजा-अर्चना करते हैं।
प्राचीन ग्रन्थों के अनुसार इस सृष्टि से पहले सत व असत नहीं थे। केवल भगवान शिव थे। शिव का अर्थ है-कल्याण। अतः शिव रूप बनने के लिये सभी के कल्याण के भाव, सभी के मंगल की कामना को हृदय में बसाना एवं आत्मसात करना होगा। इस तरह अपनी आत्मा में ऐसे शिवत्व को प्रकट करने की साधना को ही सार्थक शिव पूजा या शिव दर्शन कह सकते हैं। इसके लिये सबसे पहले आत्मा के वाहक अर्थात् शरीर शिव भाव से ओत-प्रोत बने। इसके लिये शिव की आराधना करने वाले तप एवं ब्रह्मचर्य की साधना करें। शिवरात्रि का पर्व अत्यन्त विशिष्ट एवं आध्यात्मिक पर्व है। इसलिये इसे महाशिवरात्रि कहा गया है। शिव को महाकाल भी कहा गया है। परमेश्वर के तीन रूपों में से एक रूप की उपासना महाशिवरात्रि को की जाती है।
महाशिवरात्रि के बारे में कहा गया है कि जिस शिवरात्रि में त्रयोदशी, चर्तुदशी तथा अमावस्या तीनों ही तिथियों का स्पर्श होता है, उस शिवरात्रि को अति उत्तम माना जाता है। महाशिवरात्रि पर्व क्यों मनाया जाता है? इसके लिये अनेक मान्यताएँ प्रचलित हैं, उनमें से एक मान्यता के अनुसार भगवान शिवजी ने इस दिन ब्रह्मा के रूप में भद्र अवतार लिया था। इस दिन प्रलय के समय प्रदोष के दिन भगवान शिव तांडव करते हुए समस्त ब्रह्माण्ड को अपने तीसरे नेत्र की ज्वाला से भस्म कर देते हैं। इस कारण इसे महाशिवरात्रि कहा जाता है। शिव का सच्चा उपासक वही है जो अपने मन की स्वार्थ भावना को त्यागकर परोपकार की मनोवृत्ति को अपनाता है। ‘‘विविध शक्तियाँ, विष्णु तथा ब्रह्मा जिनके कारण देवी व देवता के रूप में विराजमान हैं, जिनके कारण जगत का अस्तित्व है, जो यंत्र-मंत्र है, ऐसे तंत्र के रूप में विराजमान शिव को बारम्बार प्रणाम।’’

Comments

Popular posts from this blog

निर्वाण फाउंडेशन ने शस्त्र पूजन के साथ मनाया दशहरा पर्व

मूर्ति स्थापना के संदर्भ में भारत सरकार के रक्षा मंत्री से मिले केपी सिंह

वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की मूर्ति पहुंची वसुंधरा,जल्दी होगी स्थापना