गायत्री परिवार ने विश्व कल्याण के लिए किया 24 कुंडीय यज्ञ
गायत्री परिवार द्वारा 5दिवसीय 24 कुंडीय महायज्ञ
युगतीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में गायत्री परिवार साहिबाबाद द्वारा आयोजित किए जा रहे पांच दिवसीय 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं प्रज्ञा पुराण कथा कार्यक्रम के चौथे दिन सुबह के सत्र में देवों के आवाहन के पश्चात विभिन्न संस्कार - पुंसवन, दीक्षा, यज्ञोपवित वैदिक विधि विधान से संपन्न कराए गए।
व्यास पीठ से बताया गया कि गायत्री परिवार द्वारा जन कल्याण के लिए शत सूत्रीय कार्यक्रम एवं सात विशिष्ट आंदोलन - साधना, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वावलंबन, पर्यावरण संरक्षण, नारी जागरण और नशा मुक्ति चलाए जा रहे हैं। इसमें एक और आंदोलन 'आओ गढें संस्कारवान पीढी' जोड़ा गया है जिसमें गर्भवती महिलाओं को पुंसवन संस्कार से जोड़ा जा रहा है जिससे आने वाली पीढ़ी संस्कारवान, चरित्रवान बने और एक सशक्त राष्ट्र बने।
तत्पश्चात अग्नि प्रज्जवलित कर गायत्री मंत्र की आहुतियों के साथ यज्ञ आरंभ हुआ। क्षेत्र के जिन परिजनों ने गायत्री मंत्र की विशेष साधना की थी उन्हें सपत्नी मुख्य याजक के रूप में स्थान दिया गया। आज के महायज्ञ में साहिबाबाद से विधायक सुनील कुमार शर्मा ने उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
अपराह्न 3:30 बजे व्यास पीठ से पावन प्रज्ञा पुराण कथा का शुभारंभ हुआ। व्यास पीठ के पूजन के पश्चात आदरणीय कथा व्यास ने परिवार निर्माण पर महत्वपूर्ण बिंदु रखे। उन्होंने बताया कि परम पूज्य गुरुदेव ने कहा था कि यह सारी सृष्टि एक ही सत्ता का विस्तार है। सृष्टि के आरंभ में ईश्वर ने चाहा - "एको अहं, बहुस्याम" एक से अनेक बनूँ। आदर्श परिवार के लिए परम पूज्य गुरुदेव ने छोटे छोटे सूत्र बताए हैं जिनके पालन से साधारण परिवार एक देव परिवार बन सकता है। परिवार के सभी सदस्यों में परस्पर आदर भाव । यदि कोई भूल हो जाए तो स्वीकार करना, एक दूसरे को क्षमा करने का भाव रखना, भेदभाव नहीं रखना, परिवार में आस्तिकता का वातावरण बनाना, विवादों का निष्पक्ष निस्तारण करना आदि।
सांयकाल संपन्न हुए दीपयज्ञ में गाजियाबाद के सांसद व भारत सरकार में सड़क परिवहन राजमार्ग एवं नागर विमानन राज्य मंत्री ने उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
आज व्यास पीठ पूजन में शैलेंद्र दूबे, नूतेंद्र उपाध्याय, हरीश चंद उपाध्याय, संजय गुप्ता, वेद प्रकाश आदि सपत्नीक उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment