सीवर लाइन डालने को खोद डाली सड़क, ठीक से भराव किया नहीं, गड्ढों में फंसा यातायात,आंदोलन के लिए तैयार हैं स्थानीय लोग

सीवर लाइन डालने को खोद डाली सड़क,गहरे गड्ढे और जल भराव से नाराज़ हैं लोग, दी आंदोलन की चेतावनी
साहिबाबाद (एसपी चौहान)।
         हिंडन पार क्षेत्र साहिबाबाद में टीला मोड़ से भोपुरा की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर जलभराव और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की बदहाल स्थिति से दोपहिया वाहन चालक, ई-रिक्शा चालक और अन्य वाहन चालकों के लिए आवागमन जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर कई स्थानों पर दो से ढाई फीट तक गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिनमें लगातार पानी भरा रहता है। पानी भरे होने के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई वाहन इन गड्ढों में फंसकर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और कई लोग गिरकर चोटिल भी हुए हैं।
          गांव भोपुरा निवासी सेवाराम कसाना ने बताया कि खिलाड़ी नाम की कंपनी द्वारा सीवर लाइन बिछाने के लिए जगह-जगह गड्ढे खोदे गए थे। लेकिन कंपनी ने काम पूरा करने के बाद गड्ढोंं को ढंग से नहीं भरा गया।  इसके चलते खोदे गए गड्ढों के कारण  सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
          सेवाराम कसाना ने चेतावनी दी है  कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं की गई, तो इसकी शिकायत जिलाधिकारी गाजियाबाद से की करेंगे। इसके बावजूद यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्र के समस्त ग्रामीण धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था ठीक कर सड़क के गड्ढों को भरवाया जाए, ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके  और संभावित हादसों को रोका जा सके।

Comments