साहिबाबाद में पीने के पानी के लिए गंगाजल की मांग,के लिए हर घर बैनर अभियान
भाजपा के मजबूत गढ़ साहिबाबाद में शुद्ध गंगाजल के लिए उठी आवाज, घरों पर लगेंगे ‘हर-हर-घर’ बैनर
8 लाख से अधिक लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग, आरडब्ल्यूए महासंघ ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मिलकर दिया एक मार्मिक पत्र
साहिबाबाद(एसपी चौहान)।
भाजपा के मजबूत राजनीतिक गढ़ माने जाने वाले साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र में शुद्ध पेयजल का मुद्दा अब जोर पकड़ने लगा है। क्षेत्र की आठ लाख से अधिक आबादी को स्वच्छ गंगाजल उपलब्ध कराने की मांग को लेकर साहिबाबाद आरडब्ल्यूए महासंघ ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुलाकात कर हस्तक्षेप की अपील की है। महासंघ ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा है कि वर्षों से शिकायतों और पत्राचार के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से जनता में निराशा बढ़ रही है।
महासंघ के संयोजक प्रमोद राणा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलकर बताया कि साहिबाबाद के अधिकांश परिवार भाजपा के समर्थक हैं और हर चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों को रिकॉर्ड मतों से जीत दिलाते रहे हैं। इसके बावजूद क्षेत्र के हजारों परिवार दूषित पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। उनका दावा है कि साहिबाबाद के कई इलाकों में भूजल का टीडीएस स्तर 2000 से 2500 तक पहुंच गया है। वहीं, नगर निगम द्वारा हिंडन किनारे स्थित नलकूपों से बिना समुचित ट्रीटमेंट के पानी की आपूर्ति किए जाने की शिकायत है। इससे लोगों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो रही हैं।
पत्र में किडनी, लीवर और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका भी जताई गई है। साथ ही सवाल उठाया गया है कि जब साहिबाबाद के कुछ क्षेत्रों में गंगाजल की आपूर्ति हो रही है तो बाकी आबादी को स्वच्छ पेयजल से वंचित क्यों रखा जा रहा है?
प्रमोद राणा के अनुसार, इस समस्या को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय, केंद्रीय एवं प्रदेश के जल शक्ति मंत्रालय, मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, सांसद और विधायक तक सैकड़ों पत्र, ईमेल और जनसुनवाई पोर्टल के माध्यम से शिकायतें भेजी जा चुकी हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ।
विरोध नहीं, अपनी सरकार से अधिकार की मांग
महासंघ ने जनता की नाराजगी को शांतिपूर्ण तरीके से सामने लाने के लिए ‘हर-हर-घर बैनर अभियान’ शुरू किया है। इसके तहत लोग अपने घरों पर बैनर लगाकर शुद्ध पेयजल की मांग करेंगे। महासंघ का स्पष्ट कहना है कि इस अभियान में न जाम लगाया जाएगा, न हड़ताल होगी और न ही नारेबाजी या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जाएगा। यह आंदोलन सरकार के विरोध में नहीं, बल्कि अपनी ही सरकार से स्वच्छ पेयजल के अधिकार की मांग के लिए है।
महासंघ ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से आग्रह किया है कि साहिबाबाद की जनता की इस बुनियादी समस्या का संज्ञान लेकर संबंधित विभागों को शुद्ध गंगाजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जांय।
Comments
Post a Comment