इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल में ट्राइबल्स ऑफ इंडिया’ थीम पर आयोजित हुए मेले में विद्यार्थियों ने बिखेरे जनजातीय परंपराओं, खान-पान, वेशभूषा, रहन-सहन और जीवनशैली के आकर्षक रंग

उमंग फेट में जनजातीय संस्कृति के रंगों से सजा इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल
चार हाउस ने राजस्थान, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल की जनजातीय विरासत को किया जीवंत, चटोरी गली रही आकर्षण का केंद्र
साहिबाबाद (एसपी चौहान)।
    इंदिरापुरम पब्लिक स्कूल, इंदिरापुरम के वार्षिक फेट ‘उमंग’ में भारत की जनजातीय संस्कृति के विविध रंग देखने को मिले। ‘ट्राइबल्स ऑफ इंडिया’ थीम पर आयोजित मेले में विद्यार्थियों ने देश के विभिन्न राज्यों की जनजातीय परंपराओं, खान-पान, वेशभूषा, रहन-सहन और जीवनशैली को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत कर सांस्कृतिक विविधता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक एवं परफॉर्मर योगेश योगी तथा न्यूज एंकर और कम्युनिकेशन कोच लिपाक्षी अरोड़ा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यालय के चारों हाउस ने अलग-अलग राज्यों की जनजातीय संस्कृति को प्रदर्शित किया। शक्ति हाउस ने राजस्थान, प्रेरणा हाउस ने मध्य प्रदेश, प्रगति हाउस ने जम्मू-कश्मीर तथा शांति हाउस ने हिमाचल प्रदेश की जनजातीय विरासत को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया।
विद्यार्थियों ने पारंपरिक खान-पान, पहनावे, रहन-सहन और जनजातीय समुदायों के व्यवसायों से जुड़े स्टॉल सजाए। मनोरंजक खेलों के स्टॉल, रोमांचक झूलों और विभिन्न गतिविधियों ने मेले में उत्साह बढ़ाया। वहीं, स्वादिष्ट व्यंजनों से सजी ‘चटोरी गली’ विशेष आकर्षण रही, जहां लोगों ने विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया।
प्रधानाचार्य डॉ. आशीष मित्तल ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर भारत की सांस्कृतिक विरासत को समझने और उसका सम्मान करने का अवसर देते हैं। जनजातीय समाज हमारी सांस्कृतिक धरोहर का अभिन्न हिस्सा है और उसकी परंपराओं, कला, कौशल व जीवनशैली से विद्यार्थियों को बहुत कुछ सीखने को मिलता है। उन्होंने आयोजन में विद्यार्थियों और शिक्षकों की रचनात्मकता व सामूहिक प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का सफल आयोजन श्रीमती राखी सिंह, श्री शैलेंद्र कुमार सिंह और उनके सहयोगियों के कुशल मार्गदर्शन में हुआ। चारों हाउस के शिक्षकों और विद्यार्थियों की सहभागिता से ‘उमंग’ सांस्कृतिक विविधता और एकता का यादगार उत्सव बन गया।

Comments

Popular posts from this blog

वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी की मूर्ति का हुआ भव्य अनावरण

वसुंधरा में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी की मूर्ति के भव्य अनावरण की तैयारी जोरों पर

राजपूत सभा साहिबाबाद का होली मिलन कार्यक्रम 'फुहार' राजपूती जोश के साथ संपन्न